उरुवां बाजार (गोरखपुर)। उरुवां चौराहे पर मंगलवार शाम दबंगों ने दुकान पर ईंट-पत्थर फेंके। इससे कई दुकानों के शीशे टूट गए और कुछ दुकानदार घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सोनू यादव, भीम यादव, झिनक उर्फ निरहू यादव, प्रदीप यादव और सूरज के खिलाफ मारपीट की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, बेलासपुर निवासी अमन सिंह की उरुवा चौराहे पर ‘सिंह ट्रेडर्स’ के नाम से कॉस्मेटिक की दुकान है। आरोप है कि मंगलवार शाम करीब सात बजे कुछ दबंगों ने उनकी दुकान पर ईंट-पत्थर फेंके। इससे उनकी दुकान के साथ ही बगल में स्थित कृष्ण कुमार, कु. नेहा और संजय सिंह समेत कई दुकानदारों की दुकानों के शीशे टूट गए। घटना में कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं।
सूचना पर पहुंची उरुवा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। अमन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बेलासपुर निवासी सोनू यादव, भीम यादव, झिनक उर्फ निरहू यादव, प्रदीप यादव और लोहरामीरा निवासी सूरज के खिलाफ मारपीट की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। उरुवां थाना प्रभारी श्यामदेव चौधरी ने कहा कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।