गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप पीड़िता के पिता पर ही लगा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि घटना बृहस्पतिवार की सुबह करीब 5:30 बजे की है। वह रोज की तरह घर से बाहर काम पर चली गई थी। घर पर पीड़िता अपनी बहन और पिता के साथ मौजूद थी। इसी दौरान आरोप है कि पिता ने घर के कमरे में सो रही नाबालिग पीड़िता के पास जाकर गलत हरकत करने की कोशिश की। आरोपी ने पीड़िता के कपड़े हटाने का प्रयास किया, जिस पर पीड़िता ने विरोध करते हुए उसे धक्का दिया और किसी तरह वहां से भागकर बाहर आ गई। इसके बाद सहमी हुई पीड़िता ने अपनी बहन को पूरी घटना बताई।
घटना के बाद आरोपी मौके से काम पर चला गया। मां को जब इस बारे में जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीपीगंज थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।