गोरखपुर। ताजिया मेले के दौरान एक नाबालिग किशोरी से छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पीपीगंज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, कस्बे के एक वार्ड की रहने वाली नाबालिग किशोरी ताजिया मेला देखने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के दो युवक उसके पास पहुंचे और छत पर जाने का रास्ता पूछने के बहाने उससे छेड़खानी करने लगे। किशोरी ने विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान किशोरी के हाथ में पहनी चूड़ी टूटकर हाथ में धंस गई, जिससे वह घायल हो गई और उसके हाथ से खून निकलने लगा। घर पहुंचने पर उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। परिजनों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर आरोपियों के घर पहुंचे तो उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। इसके बाद पीड़िता की मां ने पीपीगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ले के इंद्रजीत उर्फ आर्यन और उसके एक साथी के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, धमकी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बुधवार को पुलिस ने इंद्रजीत उर्फ आर्यन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।