गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र के मड़हा गांव के पास गश्त कर लौट रही पुलिस टीम ने सड़क किनारे विवाद कर रहे चार युवकों को रोका तो वे हमलावर हो गए। आरोपी युवकों ने सिपाही सतीश कुमार का सिर फोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मड़हा निवासी मनीष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, बेलघाट पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर यादवपुर गांव से लौट रही थी। इसी दौरान मड़हा गांव के पास सड़क किनारे चार युवक आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने वाहन रोक दिया और दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों के मुताबिक, शुरुआत में युवक शांत होने का दिखावा करते रहे लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक उग्र हो गए और पुलिस टीम से उलझ गए।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में सिपाही सतीश कुमार के सिर पर गहरी चोट लगी है। सिर फटने से वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल सिपाही को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया।
चिकित्सकों के अनुसा, सिपाही के सिर में गहरी चोट आई है, हालांकि हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष निवासी मड़हा को पकड़ लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अन्य तीन आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और मारपीट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।