गोरखपुर। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता परखने के लिए आजमगढ़ बृहस्पतिवार को स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) की टीम गोरखपुर पहुंची। चार दिनों तक टीम जिले के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण करेगी। पहले दिन टीम का सर्वाधिक फोकस जिला महिला अस्पताल पर रहा। दवा काउंटर पर उपलब्धता की जानकारी लेने के साथ भर्ती मरीजों से भी बातचीत की। मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और इलाज की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई।
टीम में आजमगढ़ मंडल के एडी हेल्थ डॉ. वीके सिंह, देवनाथ और वीरेंद्र यादव के साथ गोरखपुर मंडल के एडी हेल्थ डॉ. जयंत कुमार शामिल रहे। टीम ने निरीक्षण के दौरान मिली जानकारियों और कमियों को अपनी रिपोर्ट में दर्ज किया है। 21 और 22 अगस्त को जिले के सीएचसी, पीएचसी समेत अन्य अस्पतालों और बीआरडी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण होगा। 23 अगस्त को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं की जांच होगी।
24 अगस्त को एनेक्सी भवन में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य की मौजूदगी में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। टीम अपनी निरीक्षण रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत करेगी। मई में भी टीम ने निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए थे। इस बार उन निर्देशों के अनुपालन की भी जानकारी ली जा रही है। इस दौरान जिला अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा जिला महिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. एके झा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. जय कुमार, क्वालिटी मैनेजर डॉ. कमलेश, डॉ. विशाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।