गोरखपुर। शहर के बीचोंबीच स्थित राजकीय उद्यान मोहद्दीपुर को आकर्षक पिकनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उद्यान की खूबसूरती बढ़ाने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उद्यान विभाग ने इन कार्यों की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी है। विभाग को सभी कार्य दिसंबर तक पूरे करने का लक्ष्य दिया गया है।
जिला उद्यान अधिकारी पारसनाथ के अनुसार, करीब 36 एकड़ में फैले इस उद्यान में 400 आम और 100 लीची के पेड़ हैं। इसके अलावा 20 अमरूद, 40 आंवला और 10 कटहल के पेड़ भी लगे हैं। उद्यान में विभिन्न प्रकार के शोभाकार और सजावटी पौधे भी लगाए गए हैं। साथ ही यहां एक विरासत वाटिका विकसित की गई है। वर्तमान में बड़ी संख्या में लोग सुबह और शाम टहलने के लिए उद्यान पहुंचते हैं।
विज्ञापन
उद्यान को और आकर्षक बनाने के लिए नई सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही फव्वारे और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इन सुविधाओं के विकसित होने से उद्यान का स्वरूप और बेहतर होगा।
पैदल पथ और मुख्य द्वार का होगा कायाकल्प :उद्यान में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पैदल पथ और मुख्य द्वार का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके अलावा आगंतुकों को जलपान की सुविधा देने के लिए दुकानों की व्यवस्था की जा रही है।