गोरखपुर। घने कोहरे के कारण ज्यादातर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को कई घंटों तक प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ रहा है। मंगलवार को नई दिल्ली से गोरखपुर होते हुए ललितग्राम जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से आठ घंटे से अधिक की देरी से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं, गोरखधाम एक्सप्रेस 11 घंटे 32 मिनट की देरी से पहुंची।
इसके अलावा 02564 नई दिल्ली-बरौनी एक्सप्रेस 14 घंटे से अधिक, अवध एक्सप्रेस तीन घंटे और मौर्य एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। इनके अलावा भी नई दिल्ली, मुंबई और बिहार की ओर जाने वाली और आने वाली लगभग 10 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं। ट्रेन परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। यात्रियों को ठंड में प्लेटफार्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी हुई। संवाद