-पीपीगंज थाना क्षेत्र में चाय की दुकान से जुड़े मामले में आरोपी दुकानदार हिरासत में
- युवती ने पुलिस को बताया कि आरोप किसी के कहने पर लगाए गए थे, मामले की जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
भरोहिया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 25 वर्षीय युवती की ओर से लगाए गए यौन शोषण के आरोप ने नया मोड़ ले लिया है। मामले की जांच के दौरान युवती अपने ही बयान से मुकर गई, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया।
जानकारी के अनुसार, युवती चार दिन पहले घर से नाराज होकर पीपीगंज नगर पहुंची थी और नगर स्थित एक चाय की दुकान में रह रही थी। इस दौरान उसने दुकानदार पर अपने साथ गलत करने का आरोप लगाया और पीपीगंज पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू की। हालांकि, जांच के दौरान युवती ने अपने बयान में बदलाव किया और पुलिस को बताया कि उसने किसी के कहने पर दुकानदार पर आरोप लगाया था। युवती के इस बयान से मामला और जटिल हो गया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि प्रारंभ में युवती ने दुकानदार पर यौन शोषण का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में अपने बयान में पीछे हट गई। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने बताया कि मामले में जल्द ही युवती और आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जाएगी।