8.63 करोड़ से 12 हजार वर्गफुट में बनेगा परीक्षा भवन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में परीक्षा भवन के निर्माण के लिए सोमवार को भूमिपूजन हुआ। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन-हवन कर प्रक्रिया संपन्न की।
कुल 8.63 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 12000 वर्ग फुट में यह भवन बनेगा। अभी तक विश्वविद्यालय में परीक्षा अनुभाग के लिए पृथक भवन नहीं है। विभिन्न विभागों में स्थित कमरों का प्रयोग परीक्षा अनुभाग के कार्यों के लिए किया जाता था। इससे न केवल समन्वयन में दिक्कत होती है बल्कि जगह की कमी भी रहती है। इसलिए एक इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी।
यह भवन चार मंजिला होगा। इसमें परीक्षा नियंत्रक कार्यालय, नई उत्तरपुस्तिकाओं के लिए बड़ा स्टोर, पुरानी उत्तर पुस्तिकाओं के लिए एक बड़ा स्टोर, परीक्षा नियंत्रक कक्ष, अन्य अधिकारियों के लिए केबिन, स्ट्रांग रूम, कंप्यूटर रूम, प्रिंटिंग रूम आदि होंगे।
इस मौके परीक्षा नियंत्रक प्रो. शिव प्रकाश, प्रो. जय प्रकाश, प्रो. एके मिश्र, डॉ. स्नेहा गुप्ता, डॉ मदन चंद्र मौर्य, आरडी पटेल, डॉ. हरीश चंद्र व कार्यदायी संस्था के डॉ अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।