- मानसून की पहली बारिश में ही बेतियाहाता वार्ड के कई मुहल्लों में हुआ जलभराव
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। ह्यूमपाइप गलत ढंग से रखवाने के मामले में बेतियाहाता वार्ड के पार्षद की शिकायत पर कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। तत्काल इसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इसे ठीक कराना शुरू किया।
पिछले दिनों हुए जलभराव की समस्या दूर करने के लिए बेतियाहाता दक्षिणी वार्ड संख्या 26 के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने स्थानीय लोगों के साथ आमरण अनशन किया था। इसके बाद इस समस्या को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सिंहवाहिनी चौराहा नहर रोड रुस्तमपुर से कलवर्ट को जोड़ने के लिए ह्यूमपाइप लगा दी, लेकिन इस ह्यूमपाइप को लगाने के लिए नाले का लेवल नहीं लिया। इससे शुक्रवार एवं शनिवार को हुई बारिश के दौरान रुस्तमपुर और बेतियाहाता इलाके के कई मुहल्लों में जलभराव हो गया। मोहल्लों वालों ने पार्षद से इसकी शिकायत की तो उन्होंने पूरे मामले से कमिश्नर को अवगत करवाया। फटकार के बाद विभाग ह्यूम पाइप को नाला के लेबल में बिछाने का काम शुरू किया है। पार्षद ने कहा कि पहले ही तरीके से अगर ह्यूमपाइप बिछाने का काम हुआ होता तो लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ती।