गोरखपुर। वसुंधरा एन्क्लेव से पैडलेगंज चौराहा तक की सड़क अब नए स्वरूप में नजर आएगी। इस मार्ग के चौड़ीकरण, आरसीसी नाला निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 22.58 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। जल्द सीएम योगी आदित्यनाथ इसका शिलान्यास करेंगे।
इस सड़क के बन जाने से आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। साथ ही जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए दोनों ओर आरसीसी नाले बनाए जाएंगे। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से जूझने वाले स्थानीय लोगों के लिए यह परियोजना काफी राहत भरी साबित होगी। परियोजना में मार्ग के किनारे हरित पट्टी, आधुनिक लाइटिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी शामिल हैं, जिससे इलाके की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।