गोरखपुर। हिंदू शास्त्रों में ज्येष्ठ माह का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। इस पूरे महीने में पड़ने वाले प्रत्येक मंगलवार को “बड़ा मंगल” के रूप में मनाया जाता है, जो भगवान बजरंगबली की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। मंगलवार को इस दिन विधि-विधान से हनुमान जी की पूजा अर्चना की जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर संस्कृत विद्यापीठ के वेद विभागाध्यक्ष डॉ. रंगनाथ त्रिपाठी के अनुसार, इस वर्ष ज्येष्ठ माह का पहला बड़ा मंगल पांच मई को पड़ रहा है। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों और मोहल्लों में भक्तजन पूजा-अर्चना करेंगे और सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया जाएगा।
वहीं पं. विकास मालवीय ने बताया कि ज्येष्ठ माह विशेष रूप से हनुमान भक्ति के लिए महत्वपूर्ण होता है। इस बार श्रद्धालुओं को चार बड़े मंगल का संयोग मिल रहा है, जिससे भक्ति और पुण्य का अवसर और भी बढ़ गया है। शहर में बड़े मंगल को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंदिरों की साफ-सफाई, सजावट और भंडारे के आयोजन की रूपरेखा बनाई जा रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बजरंगबली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।