गोरखपुर। जिले का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। नेपाल के पोखरा स्थित रंगशाला स्टेडियम में 26 से 30 मई तक आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल चैंपियनशिप में गोरखपुर के खिलाड़ी नवनीत सिंह ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में भारत और नेपाल के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
जिले के राजधानी गांव के रहने वाले नवनीत ने जूनियर अंडर-19 वर्ग की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 62 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। नेपाल के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में उनका प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, भारतीय दल में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनीत ने कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती।
नवनीत के पिता राम आसरे सिंह बीएसएफ में हैं, जबकि मां सुलेखा सिंह गृहिणी हैं। नवनीत ने जैवलिन के अभ्यास की शुरुआत साल 2023 में रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच एके शाही की देखरेख में की थी। वह इससे पहले मथुरा में आयोजित जैवलिन नेशनल चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि ने उनके स्कूल, परिवार और पूरे जिले को गौरवांवित किया है। वहीं परिवार के सदस्यों ने इसे उनकी वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। परिजनों का कहना है कि नवनीत बचपन से ही खेलों में रुचि रखते थे और लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला यह स्वर्ण पदक नवनीत के खेल जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनकी सफलता जिले के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। उन्हाेंने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर यह साबित कर दिया कि गोरखपुर के खिलाड़ी भी दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।