फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: हम तो खेलने गए थे, अंधेरा हुआ तो पुआल में छिप गए...दावत छोड़ खेलने निकले थे चारों बच्चे

Tue, 27 Oct 2026 03:00 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

- बच्चों ने बताई आपबीती, देर रात बगीचे में पुआल के ढेर से सकुशल मिले

- टावर के पास खेलते-खेलते गांव से दूर निकल गए थे मासूम, टॉर्च की रोशनी दिखने पर पुआल से बाहर आए


कसिहार (गोरखपुर)। हम तो खेलने गए थे। खेलते-खेलते अंधेरा हो गया तो डर लगने लगा। इसलिए पुआल के ढेर में छिप गए। लगा कि कोई हमें खोजने आएगा। टॉर्च की रोशनी दिखाई दी तो बाहर निकल आए। रविवार की रात गांव के बाहर बगीचे में पुआल के गट्ठर में छिपे मिले चार बच्चों ने सकुशल घर लौटने के बाद अपनी आपबीती सुनाई। बच्चों के अचानक लापता होने से जंगल अखलास कुअर टोला, खरोहवा गांव में अफरातफरी मच गई थी। पुलिस और ग्रामीणों की तलाश के बाद रात करीब 11 बजे चारों को बरामद कर लिया गया।

गांव निवासी गुड्डू चौहान के घर रविवार को पूजा-पाठ और बकरे की बलि के बाद दावत का आयोजन था। गुड्डू, रवि के फूफा हैं। उनके घर रह रहे दो सगे भाई रवि (12) और सनी (10) पड़ोस के कुशल (11) और राज (6) के साथ बिना बताए खेलने निकल गए। चारों गांव के बाहर टावर के पास खेलने लगे। इसी दौरान खेलते-खेलते बगीचे तक पहुंच गए और उन्हें गांव से दूर निकलने का अंदाजा नहीं हुआ।
विज्ञापन

रात करीब आठ बजे तक बच्चे घर नहीं लौटे तो रवि की फुआ कंचन देवी ने उनकी तलाश शुरू की। इसके बाद राज के चाचा संजय चौहान और कुशल के पिता हरिलाल को भी बच्चों के लापता होने की जानकारी हुई। चारों के एक साथ गायब होने की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण टॉर्च लेकर खोजबीन में जुट गए। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चला तो रात करीब नौ बजे बेलीपार पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ तलाशी अभियान तेज कर दिया।


अंधेरे में चोर समझकर मचाया शोर
देर रात करीब 11 बजे गांव के बाहर बगीचे में पुआल के ढेर के पास बच्चों के छिपे होने की जानकारी मिली। अंधेरा होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों ने उन्हें चोर समझकर शोर मचा दिया। आवाज सुनकर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तो चारों बच्चे पुआल के गट्ठर में दुबके मिले। डर के कारण वे बाहर नहीं निकल रहे थे। टॉर्च की रोशनी और लोगों को देखकर बच्चे बाहर आए। चारों को सुरक्षित देखकर परिजन की आंखों में आंसू आ गए। पुलिस ने बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन



लगा कोई ढूंढने आएगा ...
रवि ने बताया कि वे घर के पास खेल रहे थे। इसके बाद टावर की तरफ चले गए और खेलते-खेलते दूर निकल गए। अंधेरा होने पर डर लगा तो पुआल में छिप गए। वहीं, कुशल ने बताया कि खेलते-खेलते शाम हो गई और अचानक अंधेरा छा गया। डर के कारण चारों पुआल के ढेर में छिप गए। उन्हें उम्मीद थी कि कोई उन्हें खोजने आएगा। टॉर्च की रोशनी दिखाई देने पर वे बाहर निकले। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिजन ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने समय पर पहुंचकर तलाश में सहयोग करने वाली बेलीपार पुलिस की तत्परता की सराहना की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें