18 अगस्त को दीक्षा भवन में आयोजित होगा समारोह
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी उपाधि प्राप्त शोधार्थियों के लिए ‘शोधार्थी सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन 18 अगस्त को दीक्षा भवन में होगा। कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में हुई बैठक में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।
समारोह में विश्वविद्यालय से पीएचडी उपाधि प्राप्त 470 से अधिक शोधार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के कुलपति प्रो. केएन. सिंह मुख्य अतिथि होंगे। संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक और विश्वविद्यालय के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
समारोह में रिसर्च एंड डेवलपमेंट निदेशक की ओर से विश्वविद्यालय में शोध एवं नवाचार की उपलब्धियों का डिजिटल प्रदर्शन किया जाएगा। ‘तरंग’ की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और विश्वविद्यालय की लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के विजेता को भी सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि पीएचडी वर्षों की शोध-साधना, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। समारोह शोधार्थियों की अकादमिक यात्रा और ज्ञान-सृजन में उनके योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। शोधार्थी लेखा विभाग के काउंटर पर निर्धारित शुल्क जमा कर 13, 14 और 17 अगस्त को संकायवार निर्धारित रंग की उत्तरीय (कन्वोकेशन ड्रेस) प्राप्त कर सकते हैं।