गोरखपुर। सोशल मीडिया के जरिये काम दिलाने का झांसा देकर कैमरा लूटने के मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में उन्हें पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौरीचौरा इलाके के बाल खुद डुडी चौराहा निवासी अमन सोनकर, महादेवा अदाई के आनंद, सन्नी यादव, लक्षमणपुर गुलरबान टोला निवासी कृष्णा मिश्रा, कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी मोनू कुमार, चौरीचौरा के महुआबारी बाल खुर्द निवासी राज पासवान, अर्पित उर्फ सुक्खु, पृथ्वी जायसवाल, बिशुनपुरा बाबू के भास्कर यादव, बाल बुजुर्ग निवासी विवेक यादव, देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के जोगिया निवासी अभय पासवान और कैंट इलाके के टिबिया कॉलोनी निवासी गुल्लू के रूप में हुई। इनके कब्जे से चार कैमरे और चार बाइक बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, तारामंडल निवासी विवेक वर्मा पेशे से फोटोग्राफर हैं। 12 अप्रैल को एक युवक ने उनसे फोन पर संपर्क कर एंगेजमेंट कार्यक्रम की शूटिंग के लिए बात की। 17 अप्रैल को कार्यक्रम तय हुआ और इसके लिए 15 हजार रुपये में सौदा तय किया गया। इसी बीच 13 अप्रैल को एक युवती ने नौका विहार स्थल पर फोटोग्राफी के नाम पर संपर्क कर तीन हजार रुपये अग्रिम भी दिए, जिससे भरोसा और पुख्ता हो गया।
शुक्रवार को आरोपियों ने लोकेशन शेयर कर गौनर उसरहा इलाके में जल्द पहुंचने को कहा। विवेक अपनी टीम के साथ बाइक से मौके पर पहुंचे। फोन करने पर दो युवक बाइक से आए और कार्यक्रम स्थल गांव के बाहर होने की बात कहकर उन्हें आगे ले गए। जैसे ही टीम गांव के बाहरी हिस्से में पहुंची, पहले से घात लगाए युवकों ने घेराबंदी कर मारपीट की और कैमरा लूटकर भाग गए थे। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास की महिलाओं ने दौड़ाया लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की थी।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।