भटहट (गोरखपुर)। पिपराइच थाना क्षेत्र के घोड़ादेउर स्थित पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में मंगलवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब छात्र संख्या से जुड़ी शिकायत की जांच के दौरान दो शिक्षिकाएं बेहोश हो गईं। घटना के दौरान विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मामला पुलिस व प्रशासन तक पहुंच गया।
प्रधान प्रतिनिधि की शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विजय गुप्ता विद्यालय में जांच के लिए पहुंचे थे। जांच के दौरान अचानक दो शिक्षिकाएं अस्वस्थ होकर गिर पड़ीं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपराइच ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया।
इधर, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संध्या मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों ने पिपराइच थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 15 मई की सुबह वे शिक्षण कार्य में व्यस्त थीं, तभी प्रधान पति और अन्य लोग विद्यालय में पहुंचे और अभद्रता करते हुए धमकी दी। शिक्षिकाओं का आरोप है कि विरोध करने और वीडियो बनाने पर उन्हें देख लेने की धमकी दी गई।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रधान पति की ओर से आईजीआरएस पोर्टल पर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिक्षकों का कहना है कि वे जनगणना संबंधी कार्य के लिए बाहर गई थीं, बावजूद इसके उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। 19 मई को बीईओ की जांच के दौरान भी अभद्रता और दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण मोहन यादव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विद्यालय में करीब नौ शिक्षिकाएं कार्यरत हैं, जबकि मौके पर मात्र 48 से 50 बच्चे उपस्थित रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि रजिस्टर में लगभग 200 बच्चों का नाम दर्ज है। वास्तविक स्थिति छिपाने के लिए अनावश्यक आरोप लगाए जा रहे हैं।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी विजय गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।