गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के दो गुटों के बीच बुधवार को जमकर मारपीट हुई। इसमें दो छात्रों को चोटें आई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडीयू प्रशासन ने बीएससी कृषि के तीन छात्रों को निलंबित कर उनका कैंपस में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। मामले में जांच समिति भी गठित कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि बीएससी तृतीय वर्ष और बीएससी पिछले दिनों बीएससी कृषि के छात्रों का कैंप बस्ती में लगा था। वहां प्रथम और तृतीय वर्ष के कुछ छात्रों के बीच कहासुनी हो गई थी। उसके बाद एक छात्र ने कुछ बाहरी लड़कों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष के छात्रों को पीट दिया था। बुधवार को सुबह एक गुट के छात्र कुछ बाहरी युवकों को लेकर कैंपस में पहुंचे। वहां दूसरे पक्ष के एक छात्र को पीट दिया। दूसरे पक्ष के भी एक छात्र को चोट लगी है।
मारपीट की सूचना पाकर मुख्य नियंता डॉ. टीएन मिश्र कृषि संकाय पहुंचे। तब तक बाहरी युवक वहां से भाग चुके थे। नियंता ने आरोपी छात्रों उज्जवल शाव, देव सिंह और अनुज कनौजिया को निलंबित कर दिया है। इन छात्रों का प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इस संबंध में नियंता डॉ. टीएन मिश्र ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर एक हफ्ते में रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।