बेलघाट विवाहिता हत्याकांड: पत्नी की तलाश का नाटक करता रहा, चरित्र पर लगा रहा था लांछन
शुक्रवार को घर के पीछे गड्ढे में मिला था विवाहिता का शव, आरोपी गया जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोला (गोरखपुर)। बेलघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच दिन पहले विवाहिता की हत्या के बाद आरोपी पति अपने ससुराल, गोला क्षेत्र में पहुंच गया था। वारदात से अनजान ससुराल वालों ने उसकी खूब खातिरदारी की। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिसका वे दामाद समझकर आदर-सत्कार कर रहे हैं, वही व्यक्ति उनकी बेटी की हत्या कर यहां आया है। पूछताछ में यह जानकारी आरोपी पति ने पुलिस को दी है।
बेलघाट थाना क्षेत्र के गांव में रविवार देर रात कहासुनी के बाद पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसका हाथ-पैर रस्सी से बांधकर घर के पीछे करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने महिला का शव गड्ढे से निकालकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया था।
विवाहिता की 13 वर्षीय बहन ने बताया कि मंगलवार को दीदी को खोजते हुए जीजा ससुराल पहुंचे थे। उनको मीठा खिलाकर जलपान कराया और चाय बनाकर पिलाई। विवाहिता की सहेलियों ने भी उसकी आवभगत की। पिता ने भी खूब आदर-सत्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि सभी लोग उसे पत्नी को खोजने आया एक परेशान पति समझ रहे थे।
पत्नी की तलाश का करता रहा नाटक
ससुराल पहुंचने के बाद आरोपी वहां के लोगों से बातचीत में पत्नी के चरित्र पर लांछन लगाते हुए कहता रहा कि उसका चाल-चलन ठीक नहीं है। वह अनजान लोगों से बात करती है और उसका मोबाइल लेकर कहीं चली गई है। हालांकि गांव की महिलाओं ने उसे समझाया कि पत्नी के बारे में इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए। वह कहीं गई होगी तो लौट आएगी। उस समय किसी को भी हत्या की भनक नहीं थी।
मुफलिसी में बीता विवाहिता का जीवन
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला का जीवन शुरू से ही संघर्षों से भरा रहा। शादी से कुछ वर्ष पहले ही उसकी मां की मौत हो गई थी। पिता मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बेटी की शादी बेलघाट क्षेत्र के युवक से की थी। मृत विवाहिता पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन की शादी गोंडा जिले में हुई है, जबकि दो भाई गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। पिता के कमजोर आर्थिक हालात के चलते एक भाई मजदूरी कर छोटे भाई-बहनों का पालन-पोषण कर रहा है।
खिचड़ी लेकर जाने की थी तैयारी
विवाहिता के एक भाई ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह मजदूरी कर रहा था, तभी उसकी चाची ने आकर सूचना दी कि उसकी बहन की हत्या की खबर मिल रही है। यह सुनते ही वह काम छोड़कर बेलघाट पहुंचा और थाने में तहरीर दी। भाई ने बताया कि वह बहन के ससुराल खिचड़ी लेकर जाने की तैयारी कर रहा था। यह कहते हुए उसकी आंखें भर आईं।