- छह लाख का तार काट ले गए आरोपी, भीषण गर्मी में झुलसे मरीजों की बढ़ी मुश्किल
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। हाल ही में बने 30 बेड के न्यू बर्न वार्ड में शुक्रवार रात अज्ञात चोर सेंट्रलाइज्ड एसी का काॅपर वायर काटकर ले गए, जिससे पूरा एसी सिस्टम ठप हो गया है। इसके चलते वार्ड में भर्ती मरीजों को गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए काॅपर वायर की कीमत करीब छह लाख रुपये है। वार्ड ऊपरी तल पर होने के कारण गर्मी का असर और अधिक है, जिससे झुलसे मरीजों को असहनीय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां 10 बेड का आईसीयू भी है लेकिन वेंटिलेटर की सुविधा नहीं है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। वार्ड में भर्ती दो मासूम बच्चों के परिजन अपने स्तर पर राहत के उपाय कर रहे हैं। एक बच्चे के परिजन घर से कूलर लाकर किसी तरह गर्मी से राहत देने की कोशिश कर रहे हैं। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, करीब तीन वर्ष पहले भी इसी तरह 100 नंबर वार्ड में एसी का तार चोरी हो चुका है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. बीएन शुक्ला ने बताया कि नए वायर की व्यवस्था की जा रही है और जल्द ही एसी चालू करा दिया जाएगा।