गोरखपुर एयरपोर्ट से हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नवी मुंबई के लिए अब हवाई सेवा शुरू की जा रही है। नागर विमानन महानिदेशालय की ओर से स्वीकृत समर शेड्यूल जारी कर दिया है। यह 29 मार्च से 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा।
इस शेड्यूल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अहम बदलाव किए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत नवी मुंबई के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू की गई है। यह सेवा इंडिगो की ओर से संचालित की जाएगी, जिससे मुंबई महानगर क्षेत्र तक सीधी कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, कोलकाता रूट पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहले जहां 70 सीट वाले छोटे विमान का संचालन होता था, अब उसकी जगह 186 सीटों वाले आधुनिक एयरबस विमान को शामिल किया गया है। इससे यात्रियों को अधिक सीट उपलब्धता के साथ आरामदायक और तेज यात्रा का अनुभव मिलेगा।
समर शेड्यूल के अनुसार, कोलकाता की फ्लाइट सुबह बंगलूरू से गोरखपुर पहुंचेगी और यहां से कोलकाता के लिए रवाना होगी। इसके बाद शाम को कोलकाता से गोरखपुर होते हुए बंगलूरू के लिए उड़ान भरेगी। इस नई कनेक्टिविटी से दक्षिण भारत से गोरखपुर होते हुए पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के शहरों तक यात्रा आसान हो जाएगी।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इस शेड्यूल में प्रतिदिन 13 आगमन और 13 प्रस्थान निर्धारित किए गए हैं, यानी कुल 26 फ्लाइट मूवमेंट रोजाना होंगे। इसके तहत दिल्ली, बंगलूरू, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता सहित प्रमुख शहरों से नियमित कनेक्टिविटी बनी रहेगी।