-खजनी के गंगटही उपकेंद्र के सिसवां गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। खजनी के गंगटही उपकेंद्र के सिसवां गांव में मिलीभगत से ट्रांसफाॅर्मर और लाइन शिफ्टिंग का मामला सामने आया है। इसको लेकर खजनी उपखंड के सहायक अभियंता भोलानाथ और गंगटही उपकेंद्र के जेई राजेश कुमार मौर्य ने सिसवां गांव के प्रधान पति टिंकू मिश्रा, उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मी दिनेश प्रजापति व विशाल कुमार और थाना हरपुर बुदहट अंतर्गत ग्राम झकही के स्वामी नाथ के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गंगटही उपकेंद्र के जेई राजेश कुमार मौर्य और खजनी उपखंड के सहायक अभियंता भोलानाथ ने एंटी पावर थेफ्ट पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 दिसंबर को ग्राम सिसवा में खंभा और ट्रांसफाॅर्मर शिफ्ट करने का मामला संज्ञान में आया था। इसका मौके पर स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान आसपास के लोग से पूछताछ करने पर पता चला कि ग्राम सिसवा के टिंकू मिश्रा ने संविदा कर्मी दिनेश प्रजापति, विशाल कुमार और पेटी कांट्रेक्टर स्वामी नाथ के साथ मिलीभगत करके अपने परिसर में स्थित 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर को शिफ्ट कराकर रोड के किनारे कर दिया है। आरोप है कि विभागीय कार्य करने की आड़ में दोनों संविदा कर्मी और पेटी कांट्रेक्टर ने टिंकू मिश्रा को निजी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बिना प्राक्कलन स्वीकृत के शिफ्टिंग का कार्य किया गया है।