गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के कमेटी हॉल में 24 जून को हुई कार्यपरिषद की बैठक में नए कुलपति के चयन के लिए सर्च एवं सेलेक्शन कमेटी के लिए एक सदस्य के नाम का चयन किया गया। कुलपति प्रो. राजेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में चयनित नाम को राजभवन भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय का नाम कार्यपरिषद से राजभवन चयन कमेटी के लिए भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें: IIT BHU का एडवांस कोर्स पढ़ेंगे इंजीनियरिंग के छात्र, पाठ्यक्रम में शामिल होगा साइबर लॉ
पांच सदस्यीय कमेटी करती है चयन
कुलपति के लिए आए आवेदन का चयन राजभवन में पांच सदस्यीय कमेटी करती है। इसमें से एक सदस्य संबंधित विश्वविद्यालय के कार्यपरिषद से चयनित कर भेजा जाता है। वहीं एमएमएमयूटी में तीन सदस्यीय कमेटी आए आवेदनों का मानक की कसौटी पर परखने के बाद पांच नाम का चयन कर उसे राजभवन भेजेगी।
सेवानिवृत्त प्रोफेसरों ने भी पेश की है दावेदारी
गोरखपुर विश्वविद्यालय के अलावा अन्य विश्वविद्यालयों के ऐसे प्रोफेसर ने भी वीसी बनने के लिए दावेदारी पेश की है, जो सेवानिवृत्त हो गए हैं लेकिन अभी उनकी आयु मानक के अनुरूप है। राज्यस्तरीय विश्वविद्यालय के कुलपति के लिए 65 वर्ष आयु निर्धारित है। सूत्रों की मानें तो गोरखपुर विश्वविद्यालय के करीब आधा दर्जन सेवानिवृत्त प्रोफेसरों ने न केवल आवेदन किया है, बल्कि पद पाने के लिए लखनऊ की दौड़ लगाना भी शुरू कर दिया है।