- खजनी थाना क्षेत्र में मारपीट का मामला
गांव में भारी पुलिस बल तैनात, पुलिस टीमें कर रहीं गश्त
संवाद न्यूज एजेंसी
उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के पलहईपार बाबू गांव में मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट व अन्य धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को गांव में आई एक बरात में गाना-बजाने को लेकर अखिलेश यादव और जयप्रकाश चौरसिया के बीच विवाद हो गया था। ग्रामीणों ने मौके पर हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया, लेकिन अगले ही दिन 20 नवंबर को फिर तनाव की स्थिति बनी और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि इस बीच दोनों पक्षाें में मारपीट के बाद फायरिंग भी हुई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुकेश कुमार के अनुसार 21 नवंबर को करीब 40–50 लोग लाठी-डंडों व हथियार लेकर हरिजन बस्ती में पहुंचे और उनके समुदाय के लोगों पर हमला किया। इस दौरान कई लोग घायल हुए। तहरीर में महिलाओं से दुर्व्यवहार के भी आरोप हैं। पुलिस ने मारपीट, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
वहीं दूसरे पक्ष जयप्रकाश चौरसिया ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मुकेश प्रसाद और उनके साथियों ने उनके घर आकर हमला किया, जिसमें दो लोग घायल हुए। मामले में पुलिस ने 60 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व अन्य धारा धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
एसपी दिनेश पुरी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। दोनों मामलों की जांच निष्पक्ष एवं साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।