- कार्यदायी संस्थाओं को सौंपी गई निर्माण की जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शासन ने जिले में पर्यटन विकास की 10 योजनाओं की मंजूरी दी है। इसके लिए शासन ने 87.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इन योजनाओं में परमहंस योगानंद की जन्मस्थली, कबीर भूमि, महादेव शिव मंदिर का काम कराया जाएगा। इन परियोजनाओं की स्वीकृति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्ताव पर की गई है। इन कार्यों को पूरा कराने की जिम्मेदारी शासन ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन, राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड और सीएंडडीएस को दी है।
उप क्षेत्रीय निदेशक रविंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि राज्य सेक्टर के अंतर्गत गोरखपुर में स्थित गोरखतलैया, कबीर भूमि का समेकित पर्यटन विकास, परमहंस योगानंद की जन्मस्थली का पर्यटन विकास, जिला योजना में डीएम के प्रस्ताव पर तहसील सदर जेल रोड पर स्थित शिव मंदिर के सुंदरीकरण एवं पर्यटन के काम कराए जाएंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत खजनी विधायक श्रीराम चौहान के प्रस्ताव पर महादेवा शिव मंदिर का पर्यटन विकास कार्य कराया जाएगा। चौरीचौरा विधायक सरवन कुमार निषाद की पहल पर ब्रह्मपुर ब्लॉक में स्थित प्राचीन काली माता मंदिर, बांसगांव के विधायक डॉ. विमलेश पासवान के प्रस्ताव पर गगहा स्थित जय मां करवल देई का पर्यटन विकास, चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी के प्रस्ताव पर गोला का समय स्थान मंदिर, कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह के प्रस्ताव पर झारखंडी महादेव मंदिर, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह के प्रस्ताव पर खोराबार स्थित प्राचीन शिव मंदिर का विकास कराया जाएगा।