गोरखपुर के गुलरिहा इलाके के एक गांव की युवती ने जिस प्रेमी के लिए पति को छोड़ा अब उसने भी उससे किनारा कस लिया। पीड़िता ने प्रेमी के खिलाफ गुलरिहा पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
पीड़िता के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पहले उसकी शादी चिलुआताल इलाके के एक गांव में हुई थी।
करीब एक वर्ष पहले मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान ही उसका मायके के पड़ोसी गांव के रहने वाले एक युवक से करीबी संबंध हो गया। प्रेमी बहाने बनाकर उसके ससुराल भी आने-जाने लगा। दोनों के नजदीकी संबंध की जानकारी जब पति को हुई तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि प्रेमी के कहने पर ही उसने अपने पति के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। वह तीन माह से मायके में आकर रहने लगी। दोनों के संबंधों की जानकारी प्रेमी के घर वालों को भी थी। घर वालों के विरोध के कारण अब युवक प्रेमिका को रखने से इन्कार कर रहा है। पीड़िता का आरोप है कि युवक द्वारा उसकी मांग में सिंदूर भी भरा गया था। महिला ने प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी है।