गोरखपुर के बजडहलगंज इलाके के मुसाडोही गांव के पास मंगलवार को सरयू नदी में नहाने गए आठ बच्चों को डूबते देख ग्रामीणों ने छह को किसी तरह बचा लिया जबकि एक की मौत हो गई। पुलिस ग्रामीणों की मदद से डूबी एक बच्ची की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह नौ बजे आठ बच्चे एक साथ मुसाडोही गांव के पीछे सरयू नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय वह गहरे पानी में चले गए। डूबने पर सभी चीखने व शोर मचाने लगे। बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सक्रियता दिखाते हुए छह बच्चों को किसी तरह बाहर निकाले।
विज्ञापन
ग्रामीण डूबे दो बच्चों की तलाश नाव से करने लगे। काफी प्रयास के बाद नागेंद्र प्रसाद के 12 वर्षीय बेटे पंकज को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वह प्राथमिक विद्यालय बगहा देवार में चौथी कक्षा का छात्र था।
जबकि डूबी बच्ची 13 साल की निशा का देर शाम तक पता नहीं चला। निशा डेरवा निवासी रामनिवास की पुत्री है। वह मुसाडोही गांव में प्रभु यादव के घर ननिहाल आई हुई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।