गोरखपुर। जिले में चल रहे 100 दिवसीय टीबी रोगी खोज अभियान के तहत 60 दिनों में 2369 नए टीबी मरीजों की पहचान की गई है। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सोमवार से 40 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की मदद से टीबी के साथ-साथ मधुमेह, उच्च रक्तचाप समेत अन्य गैर संचारी रोगों के मरीजों की भी खोज की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने पिपरौली ब्लॉक के दो आयुष्मान आरोग्य शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अब तक करीब 11 हजार एक्स-रे और 9115 सीबीनॉट जांच कराई जा चुकी हैं। जांच के आधार पर मिले टीबी मरीजों को सरकारी योजनाओं के तहत दवा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीएमओ ने बताया कि नए चरण में जिले में 417 विशेष शिविर आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इन शिविरों में सीएचओ लोगों की स्क्रीनिंग कर संदिग्ध मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजेंगे। पुष्टि होने पर मरीजों का उपचार और नियमित फॉलोअप किया जाएगा। इससे पहले सीएमओ ने सभी अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर अभियान की नियमित निगरानी, गुणवत्ता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस समय जिले में तकरीबन 10 हजार मरीज टीबी का इलाज करा करा रहे हैं।