एमपीआईटी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लोकार्पण समारोह में बोले टाटा संस के चेयरमैन
गोरखपुर। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा है कि समय के अनुरूप चलने के लिए आवश्यक है कि वर्तमान दौर में हर व्यक्ति के हाथ में एआई के साधन हों।
वह बुधवार को महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में टीसीएस के सहयोग से बने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लोकार्पण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एआई केवल एक तकनीक नहीं बल्कि तकनीकी का ही एक मूलभूत परिवर्तन है। यह वर्तमान और भविष्य दोनों की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि एआई आज ग्रामीण विकास, कृषि विकास तथा महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगा है। हमें इन तकनीकों का जिम्मेदारी से उपयोग कर समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास में लगाना चाहिए। जब इस देश के हर व्यक्ति के पास एआई का ज्ञान होगा और एआई साधन होंगे तब विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की संकल्पना हकीकत में बदलेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में ऊर्जा, प्रतिभा और स्किल की कमी नहीं है।
इमर्जिंग टेक्नोलॉजी पर विशेष ध्यान दिया है सीएम योगी ने : के. कृतिवासन
विशिष्ट अतिथि टीसीएस के एमडी एवं सीईओ के. कृतिवासन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में निवेश का शानदार वातावरण बनाने के साथ इमर्जिंग टेक्नोलॉजी पर विशेष ध्यान दिया है। सरकार से मिल रहे प्रोत्साहन से यूपी में टीसीएस के प्रौद्योगिकी शिक्षण-प्रशिक्षण से जुड़े अभियान लगातार आगे बढ़ रहे हैं। टीसीएस आई-ऑन के हेड वेंगुस्वामी रामास्वामी ने भी संबोधित किया।