ट्रक छोड़कर फरार हुए तस्कर, 18 गोवंश की मौत
सहजनवां (गोरखपुर)। सहजनवां इलाके के कसरवल के पास सोमवार की रात ट्रक का पहिया पंक्चर होने पर तस्कर 20 गोवंश को ट्रक पर ही छोड़कर फरार हो गए। भूख-प्यास से बेहाल 20 में से 18 गोवंश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोवंश के शवों को दफन करा दिया। पुलिस ने जिंदा बचे दो गोवंश के लिए चारा-पानी की व्यवस्था की। ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बस्ती की ओर से ट्रक पर लादकर 20 गोवंश को बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। सोमवार की रात में कसरवल के पास ट्रक का पहिया पंक्चर हो गया। पकड़े जाने के डर से तस्कर ट्रक और उसपर लदे गोवंश को छोड़कर फरार हो गए। मंगलवार की सुबह एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि ट्रक के अंदर ही 20 में से 18 गोवंश की मौत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर संतोष यादव ने दो जिंदा गोवंश के लिए चारे का इंतजाम कराया। मृत 18 गोवंश के शवों को दफन करा दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि जल्द ही तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।