- मोहद्दीपुर से पैडलेगंज तक बन रहा है टू लेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू
- कमिश्नर ने काम में लापरवाही पर दो अभियंताओं पर की थी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल के किनारे पैडलेगंज-मोहद्दीपुर टू लेन रिंग रोड का रूका काम कमिश्नर की सख्ती के बाद फिर शुरू हो गया है। अब सब कुछ ठीक रहा तो महीने के अंत तक सड़क का काम पूरा कर लिया जाएगा। सितंबर से लोग इस सड़क पर फर्राटा भर सकेंगे।
रामगढ़ताल के किनारे पैडलेगंज से मोहद्दीपुर तक 2.66 किमी लंबे रिंग रोड का निर्माण कार्य अचानक बीच में बंद हो गया। निर्माण कार्य रुकने की जानकारी होने पर 25 जुलाई को हुई जीडीए बोर्ड की बैठक में कमिश्नर अनिल ढींगरा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए दो अभियंताओं पर कार्रवाई का आदेश दिया था। कमिश्नर की इस सख्ती का आदेश दिखने लगा है। टून लेन सड़क का रुका निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है। ताल की तरफ रोड पर बोल्डर पीचिंग का काम पूरा हो गया है। इसके साथ मोहद्दीपुर की तरफ से रेलिंग लगाने का काम चल रहा है। बारिश के चलते निर्माणाधीन रोड पर आए गैप को भरने के लिए मिट्टी गिराया जा रहा है।
जीडीए के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश के चलते रोड पर आए गैप को बराबर किया जा रहा है। इसके बाद बीडीएम और वीसी का काम शुरू कराया जाएगा। पैडलेगंज की तरफ शेष बचे एक पुलिया के पाइलिंग का काम बारिश के चलते नहीं हो पा रहा है। सड़क का काम पूरा होने पर पुलिया के पास बाईपास बनाकर आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। पुलिया का निर्माण कार्य साथ-साथ चलता रहेगा।
-
शासन से अनुमति के बाद शुरू होगा फोरलेन का काम
पैडलेगंज से मोहद्दीपुर की रिंग रोड फोरलेन बननी है। टू लेन सड़क को बनाकर पहले चालू कर दिया जाएगा। इसके बाद शासन की स्वीकृति के बाद फोरलेन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि पैडलेगंज से मोहद्दीपुर तक बनने वाले फोर लेन की चौड़ाई 24 मीटर होगी। इसमें साढ़े सात-साढ़े सात मीटर की दोनों लेन की सड़क रहेगी। दोनों लेन के बीच में दो मीटर का डिवाइडर के स्थान पर आकर्षक लाइट और पौधे लगाए जाएंगे। वहीं, रामगढ़ताल की तरफ डेढ़ मीटर का ड्रेन और दो मीटर का फुटपाथ बनाया जाएगा। रिंग रोड के किनारे उसी तरह फुटपाथ व रेलिंग लगाई जाएगी, जैसे पैडलेगंज से नौकायन तक लगाई गई है। जगह-जगह ताल के फ्रंट को भी विकसित किया जाएगा। रास्ते में आकर्षक लाइट भी लगाई जाएंगी।
पैडलेगंज से मोहद्दीपुर तक बन रहे रिंग रोड का काम महीने के अंत तक पूरा हो जाने की संभावना है। बारिश के चलते रोड में आए गैप को भरने के बाद उसके लेबल और पिचिंग का काम शुरू कराया जाएगा।
आनंद वर्द्धन, उपाध्यक्ष, जीडीए