नौका विहार रोड पर रैली निकालकर आईएमए के डॉक्टरों ने तंबाकू सेवन न करने की अपील की
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बुधवार को आईएमए के डॉक्टरों ने नौका विहार रोड पर रैली निकाल कर तंबाकू छोड़ने के लिए जागरूक किया। लोगों को तंबाकू से होने वाले बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि तंबाकू सेवन न सिर्फ जानलेवा बीमारियां होती हैं बल्कि नपुंसकता का खतरा भी बढ़ जाता है।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि लोगों को तंबाकू के सेवन को रोकने और इससे होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रति वर्ष दुनियाभर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस यानी वर्ल्ड नो टोबैको डे मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ''''वी नीड फूड-नॉट टोबैको'''' है। इस थीम का उद्देश्य तंबाकू किसानों को वैकल्पिक फसल उत्पादन के बारे में जागरूक करना है। सचिव डॉक्टर अमित मिश्रा ने कहा तंबाकू या धूम्रपान व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य के साथ ही शारीरिक सेहत पर भी नकारात्मक असर डालता है, इन सबके बावजूद दुनिया भर में बड़ी संख्या में लोग किसी न किसी रूप से तंबाकू का सेवन कर रहे हैं। सचिव डॉ ओंकार राय ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार बीड़ी, सिगरेट और गुटका आदि के सेवन से प्रतिवर्ष भारत में लगभग 13 लाख लोगों की मौत हो जाती है। पिछले कुछ वर्षों में वैश्विक स्तर पर बढ़े हार्ट अटैक के लिए धूम्रपान भी एक संभावित कारक है। इससे फेफड़ों में कैंसर, लिवर कैंसर, मुंह का कैंसर, कोलन कैंसर और गर्भाशय का कैंसर होने का जोखिम रहता है।
डॉक्टर नरेंद्र देव ने कहा कि इन बीमारियों के अलावा हृदय रोग और इरेक्टाइल डिस्फंक्शन (नपुंसकता) जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं। पूर्व अध्यक्ष डॉ शिव शंकर शाही ने जनता से अपील की तंबाकू पान गुटखा का सेवन न करें और स्वयं को तथा समाज को स्वस्थ व सुखी रखें। कार्यक्रम के समय डॉक्टर संजीव सिंह, डॉक्टर राजेश गुप्ता ,डॉ अमित मिश्रा, डॉ ओमकार राय, डॉक्टर रत्नेश तिवारी ,डॉक्टर नरेंद्र देव, डॉक्टर इमरान अख्तर ,डॉ अमित सिंह तथा अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।