गोरखपुर। कुसम्ही क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टी-20 मुकाबले में नीना थापा क्रिकेट एकेडमी ने अमान-आर्यन की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत हॉक स्पोर्ट्स को सात विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हॉक स्पोर्ट्स की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 147 रन बनाए। कप्तान सूरज दुबे ने 36 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। दीपक यादव ने 37 और सत्य प्रकाश यादव ने 22 रन का योगदान दिया। अंतिम ओवरों में अनमोल सिंह और शिवम मिश्रा ने तेज रन जोड़कर टीम का स्कोर 147 तक पहुंचाया।
नीना थापा क्रिकेट एकेडमी की ओर से अनुराग कुमार यादव ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अमान और प्रियांशु उपाध्याय ने 2-2 विकेट लिए, जबकि पार्थ यादव और धीरज निषाद को 1-1 विकेट लेने में सफलता मिली।
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीना थापा क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत आक्रामक रही। आर्यन निषाद ने मात्र 30 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद अमान ने नाबाद 74 रन की शानदार पारी खेलते हुए टीम को 18.1 ओवर में जीत दिला दी। उन्होंने 49 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाए। अर्नव निषाद ने 19 रन का योगदान दिया। हॉक स्पोर्ट्स की ओर से अखंड प्रताप सिंह ने एक रन देकर दो विकेट लिए, जबकि दुर्गेश कुमार पांडेय को एक विकेट मिला।