उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाने पर तैनात रहे व वर्तमान में निलंबित होकर पुलिस लाइन से संबंधित पुलिस कर्मी की शुक्रवार की देर रात में तबियत बिगड़ गई। इलाज के लिए सीएचसी फाजिलनगर व जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां सिपाही की मौत हो गई।
पटहेरवा थाने में बतौर मुंशी कार्यरत यशवंत गिरी को करीब एक माह पहले एसपी ने निलंबित कर दिया था। तब से यशवंत पुलिस लाइन में ही अटैच थे। पटहेरवा बाजार में किराए का कमरा लेकर परिवार सहित रहते थे।
शुक्रवार की देर रात क्वार्टर पर ही अचानक तबियत खराब होने की सूचना पर पुलिस पहुंची और आनन फानन फाजिलनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसओ अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि यशवंत की मौत की सूचना वरिष्ठ अफसरों को दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।