कई साल से रेलवे स्टेशन के पास बनाया था डेरा, सख्ती बढ़ी तो हट गए
संवाद न्यूज एजेंसी
पिपराइच। पिपराइच नगर पंचायत स्थित रेलवे की जमीन पर रहने वाले संदिग्ध रोहिंग्या अब वहां से चले गए हैं, लेकिन उन्होंने आसपास के गांवों में ठिकाना बना लिया है। दो-तीन परिवार झुग्गी-झोपड़ी डालकर इन गांवों में छह महीने से रह रहे हैं। इसमें कुछ फेरी लगाते हैं तो कुछ कबाड़ का काम करते हैं।
दरअसल, मार्च 2025 में पिपराइच में जब जमीन पर कब्जा को लेकर विवाद हुआ तो पहली बार रोहिंग्या मुसलमानों का मुद्दा उठाया गया। पुलिस व जिला प्रशासन की नींद उड़ गई। रेलवे व निजी जमीन पर कई साल से डेरा डाले कई परिवार जांच के डर से रातोंरात भाग गए। कुछ दिन बाद ही वे बड़ागांव, सिधावल, ग्रामीण क्षेत्र महुअवां खुर्द, मुड़िला, जंगल सुभान अली, जंगल क्षेत्र, बैलों आदि गांवाें में बस गए।
महुअवां खुर्द के एक नवनिर्मित मकान में रह रहे 30 वर्षीय मुबारक ने बताया कि यहां रहकर अपना कामकाज करते हैं। वे कहां से आए हैं, इसका जवाब नहीं दिया।
करते हैं फेरी का काम, आपस में बातें करते हैं बांग्ला में
कौड़ीराम। क्षेत्र के आसपास के कई गांवों में कुछ झुग्गी-झोपड़ी डालकर 20 से ज्यादा परिवार रह रहे हैं। वहीं, फेरी और कबाड़ बीनने वाले कुछ लोगों ने कस्बे से थाेड़ी दूरी पर किराए का कमरा ले रखा है। वे कहां से और कब आए, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। कभी इनका सत्यापन भी नहीं हुआ है। सभी आपस में बांग्ला भाषा में ही बातें करते हैं। क्षेत्र के लोगों को आशंका है कि ये रोहिंग्या मुसलमान भी हो सकते हैं।
विशाल हत्याकांड का आरोपी राहुल अली का परिवार भी कहां से आकर यहां पर बसा है, आज तक प्रशासन पता नहीं लगा पाया है। राहुल का परिवार अभी भी कस्बे में ही रहता है जबकि वह खुद अब कम ही आता है। वहीं, कौड़ीराम में कस्बे से थोड़ी दूरी पर सड़क के किनारे ही झुग्गी में कई परिवार रहते हैं। ये गांवों में घूमकर झाड़ू, मच्छरदानी और सफाई के सामान आदि बेचते हैं। ऐसे संदिग्ध लोग बिना किसी रोक-टोक के आसानी से कस्बों और गांवों में घूमते रहते हैं। इनकी भाषा भी अलग होती है। कुछ लोगों ने बिना किसी पुलिस वेरिफिकेशन के इन्हें किराए का मकान भी दे दिया है। संवाद