उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह बोले-युवाओं में वर्तमान के साथ भविष्य को आलोकित करने का सामर्थ्य
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के 93वें संस्थापक सप्ताह समारोह का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने कहा है कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। देश की 65 प्रतिशत जनसंख्या 35 वर्ष के नीचे की आयु की है। इस युवा पीढ़ी के दम पर वर्ष 2047 तक भारत को अर्थव्यवस्था एवं तकनीक के क्षेत्र में विश्व में प्रथम स्थान पर आने और विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
गुरमीत सिंह बुधवार को महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद (एमपीएसपी) के 93वें संस्थापक सप्ताह समारोह के समापन समारोह के मुख्य महोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल ने कहा कि भारत के युवाओं में जो सामर्थ्य है वह वर्तमान के साथ भविष्य को भी आलोकित करेगा। भारत के युवा 2047 के आत्मनिर्भर व विकसित भारत की आधारशिला हैं।
असीमित सपने देखें युवा, पूरा करने को पैदा करें दृढ़ इच्छाशक्ति
उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन में खुली आंखों से असीमित सपने देखें और उसे पूरा करने के लिए अपने अंदर दृढ इच्छाशक्ति पैदा करें। वे अपनी सोच, विचार और धारणा के स्तर को ऊंचा बनाएं। उनकी सोच लाख से करोड़, करोड़ से बिलियन और बिलियन से ट्रिलियन की ओर बढ़ने की होनी चाहिए।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व को मार्गदर्शन देने की भूमिका में
उत्तराखंड के राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत पूरे विश्व को मार्गदर्शन देने की भूमिका में शामिल हो चुका है। पीएम मोदी ने विज्ञान, उद्योग, रक्षा अवसंरचना, अंतरिक्ष, ऊर्जा व सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
गोरखपुर सनातन धर्म की धुरी
गुरमीत सिंह ने कहा कि अंत शब्द ही संत और महंत को जन्म देता है। गोरखपुर सनातन धर्म की वह धुरी है जहां साधना, सघर्ष, साहित्य के साथ संस्कृति एवं राष्ट्र के प्रति त्याग का भाव भी है। गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ ने धर्म, योग और आध्यात्म को लोक जीवन में प्रतिष्ठित कर भारत की सनातन चेतना को जन-जन तक पहुंचाया था। महंत दिग्विजयनाथ, महंत अवेद्यनाथ एवं अन्य महंतों ने भी जन चेतना को जनसेवा के साथ आगे बढ़ाया।