गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र का शक लेकर पड़ोसियों की ओर से एक घर में घुसकर पूरे परिवार को लाठी-डंडे और लात-घुसों से पीटने का मामला सामने आया है। विवाद में दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार ने एम्स थाने में एफआईआर दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तीन फरवरी को दोपहर लगभग तीन बजे मल्लपुर निवासी रमेश गुप्ता के पड़ोस में रहने वाले श्रवण गुप्ता, उनकी पत्नी ममता देवी और बेटा उत्कर्ष गुप्ता घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने रमेश के परिवार पर तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। उस समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था। आरोपियों ने रमेश की दोनों बेटियों को खींचकर पहले लात-घुसों से पीटा और फिर लाठी-डंडों से हमला किया। दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। जान का खतरा देखते हुए रमेश गुप्ता ने पांच फरवरी को एम्स थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।