संतकबीरनगर जिले के बेलहर कला क्षेत्र के गोनहवा टोले में ससुराल आए युवक की बुधवार की देर शाम संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप मढ़ते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है। गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के कुंवावार रेहरवा निवासी 28 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र रामसेवक सोमवार को अपनी पत्नी संजना और एक वर्षीय बेटे अनुराग के साथ अपनी ससुराल बेलहर क्षेत्र के बेलहर कला के गोनहवा टोले में आया था।
बुधवार देर शाम को मनीष की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराली आनन-फानन में उसे लेकर सीएचसी मेंहदावल गए,जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पत्नी संजना ने घटना की सूचना पति के बडे भाई विनय कुमार को फोन पर दी।
सूचना पर पीड़ित परिजन पहुंच गए। बड़े भाई विनय ने भाई की हत्या का आरोप उसके ससुरालियों पर मढ़ते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर दी। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि मनीष की सास से किसी बात को लेकर पट्टीदार के किसी लड़के से कहासुनी हो रही थी। लड़के ने उसकी सास को अपशब्द कह दिया तो उसी का मनीष ने विरोध किया।
हाथापाई में मनीष गिर पड़ा और बेहोश हो गया। ससुराल के लोगों ने आनन -फानन में मनीष को लेकर मेंहदावल सीएचसी गए,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिजनों ने ससुरालियों पर ही हत्या का आरोप मढा है। वैसे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।