सरकारी नौकरी, अच्छा वेतन और अन्य सुविधाएं, आज के दौर में हर युवा की पहली पसंद है। मगर कुछ युवाओं को यह रास नहीं आ रही है। तभी तो 69 हजार शिक्षकों की भर्ती के तहत सफल घोषित होने वाले 38 युवाओं ने काउंसिलिंग तक में हिस्सा नहीं लिया।
उन्होंने 45 हजार रुपये के प्रारंभिक वेतन के साथ परिषदीय विद्यालय में शिक्षक बनने के सुनहरे अवसर को ठुकरा दिया। दस्तावेजों के सत्यापन से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण और विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया में ये युवा शामिल ही नहीं हुए। इसकी वजह से अब इन्हें नियुक्ति की प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।
कोर्ट के निर्देश पर 69 हजार शिक्षकों की भर्ती पर दो साल तक चली उठापटक के बाद पहले चरण में 31227 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। परिणाम के मुताबिक गोरखपुर जिले के 599 पदों पर नियुक्ति होनी है। 14-16 अक्तूबर तक सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किया गया।