-वेनेजुएला, घाना, सेनेगल, लेसोथो, बांग्लादेश व नेपाल के छात्र आए आगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दुनिया भर के देशों के विद्यार्थियों को भारत में पढ़ाई के लिए आकर्षित करने के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने पिछले साल ''''''''स्टडी इन इंडिया'''''''' पोर्टल तैयार किया था। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने पिछले दिनों इसमें नामांकन किया था। इसका फायदा अब दिखने लगा है।
विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए छह देशों के विद्यार्थियों रुचि दिखाई है। इसमें बांग्लादेश, नेपाल, दक्षिण अमेरिका, वेनेजुएला, अफ्रीका के घाना, सेनेगल और लेसोथो शामिल हैं। करीब दो दर्जन से अधिक छात्रों ने विश्वविद्यालय में प्रवेश को लेकर इच्छा जताई है और इसे लेकर विस्तृत जानकारी मांगी हैं।
विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल सेल के निदेशक डाॅ. रामवंत गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों को ऑफर लेटर भेज दिया गया है। विदेशी विद्यार्थियोें का रुझान विशेष तौर से बीएससी माइक्रोबायोलाजी, बीकाॅम, बीएससी कृषि जैसे पाठ्यक्रमों के प्रति है। विदेशी छात्रों के लिए सीटों की सुपर न्यूमेरिक व्यवस्था की गई है। यानी उनके लिए मूल सीटों से अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि परिसर में विदेश के छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय का इंटरनेशल सेल विभिन्न देशों के दूतावासों, उच्चायोगों व वाणिज्य दूतावासों के साथ जुड़ रहा है। उनसे विश्वविद्यालय की प्रवेश विवरणिका साझा की जा रही है। इच्छुक छात्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया सुविधाजनक बनाई जा रही है।