गोरखपुर। जिले में आवश्यक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। फार्मर रजिस्ट्री के अनुसार कृषकों को खरीफ सीजन के लिए खाद मिलेगी। सहकारिता के पीसीएफ बफर गोदाम में भी उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण कराया गया है। कृषकों को मांग के अनुरूप नाइट्रोजन फास्फेटिक खाद की आपूर्ति समितियों पर लगातार कराई जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। दुकानों व समितियों से खाद खरीद कर अपने घर में भंडारण न करें। इस वर्ष खाद का वितरण पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए किसानों की जोत, फसल और फार्मर रजिस्ट्री को आधार बनाया गया है। किसान खाद न मिलने पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि), प्राविधिक सहायक, एटीएम या बीटीएम से संपर्क कर शिकायत कर सकते हैं।
उन्होंने समस्त विक्रेताओं को निर्देशित किया कि खाद की अनियमित बिक्री, उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग, ओवर रेटिंग या कालाबाजारी न करें। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर अपर जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर 9369711209 या 9456995093 पर शिकायत करें, ताकि तत्काल समाधान किया जा सके।