पूर्व विधायक प्रमोद सिंह एवं ग्रुप कैप्टन वरुण प्रताप सिंह के निधन पर देवगांव स्थित चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज के मैदान में बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि सभा एवं संकल्प रैली में लोग उमड़ पड़े। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि पूर्व विधायक प्रमोद सिंह गरीबों की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने ग्रुप कैप्टन वरुण प्रताप सिंह के आकस्मिक निधन को संपूर्ण राष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।
निर्धारित समय से तकरीबन एक घंटा के विलंब से हेलिकाप्टर से पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व विधायक प्रमोद सिंह और ग्रुप कैप्टन वरुण प्रताप सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मोदी व योगी के नेतृत्व में विकास के साथ साथ देश सुरक्षित है। मोदी राज में देश में कौन कहें, विदेशों में भी भारत मां की जय-जयकार हो रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में माफिया का सफाया कर कानून का राज स्थापित किया है। विकास की गति को ऊंचाई प्रदान की है। उन्होंने सभा में लोगों से माता-पिता की सेवा करने, बच्चों को संस्कार, महिलाओं पर हाथ नहीं उठाने, आपसी लड़ाई बंद करने और नशा न अपनाने के पांच संकल्प दिलाए।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष डॉक्टर अंतर्यामी सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार दुबे, पूर्व विधायक रविंद्र प्रताप मल्ल, रतन पाल सिंह, महेंद्र यादव, सुनीता गुप्ता, रतन सिंह, विजय कुमार सैनी, दिग्विजय यादव, निलेश पांडेय, बृजेश गुप्ता, मोहन चौहान, रमेश गुप्ता, प्रिंस मोदनवाल, आयोजक सत्यप्रकाश सिंह उर्फ पंकज सिंह आदि ने सभा को संबोधित किया। संचालन कृष्णा नाथ राय एवं मनोज सिंह ने किया।