- स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदान पर हुआ प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन
गोरखपुर। प्रदेशीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स काॅलेज गोरखपुर और गोरखपुर मंडल की टीम के बीच खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स काॅलेज ने 6-0 के गोल अंतर से जीत हासिल कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
मैच में वैशाली ने 12वें और 36वें मिनट में गोल किए जबकि रश्मी ने 50वें और 52वें मिनट में अपनी टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के समन्वय में क्षेत्रीय खेल कार्यालय, गोरखपुर की ओर से 23 से 28 फरवरी तक इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के 18 मंडलों और स्पोर्ट्स काॅलेज गोरखपुर की टीमों ने हिस्सा लिया। तृतीय स्थान के लिए प्रयागराज मंडल और मेरठ मंडल के बीच मुकाबला हुआ। प्रयागराज मंडल ने 6-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस मैच में वर्तिका ने 51वें, 53वें, 58वें और 59वें मिनट में चार गोल कर अपनी टीम को सफलता दिलाई।
पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी उपस्थित रहीं। आरएसओ आले हैदर ने उनका स्वागत किया। समारोह में ओलंपियन/अर्जुन अवार्डी प्रेम माया, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष सिंह, सचिव माइकल एलेक्जेंडर बतौर अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।