अंबाला जीआरपी से आई टीम ने पूछताछ के लिए कुली को बैठाया, हंगामा कर धरने पर बैठे सारे कुली
- अंबाला से गोरखपुर तक फैला गांजा तस्करी का नेटवर्क
गोरखपुर। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 24 फरवरी को हरियाणा के अंबाला रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक महिला को चार पैकेट गांजा के साथ पकड़ा था। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह माल गोरखपुर से लेकर आई है। सूचना के बाद अंबाला जीआरपी की टीम जांच के लिए शनिवार को गोरखपुर पहुंची। यहां प्लेटफॉर्म नंबर दो पर स्टाल पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि तीन किलो गांजा और 46 किलो डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी स्टाल संचालक के बेटे हर्ष राज को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक कुली को पूछताछ के लिए जब जीआरपी ने बैठाया तो अन्य कुलियों ने हंगामा शुरू कर दिया और धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कुली को छोड़ा गया, इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि 23 फरवरी की शाम गाड़ी संख्या 14673 शहीद एक्सप्रेस गोरखपुर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी थी। फुटेज में दिखा कि दो कुलियों ने प्लेटफॉर्म स्थित एक स्टाल से चार बड़े बैग उठाकर स्लीपर कोच में रखे। इस दौरान एक व्यक्ति सिविल कपड़ों में डंडा लिए नजर आया, जो खुद को जीआरपी स्टाफ बता रहा था।
शनिवार को अंबाला और गोरखपुर जीआरपी की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एमसीओ के पास स्थित स्टाल पर छापा मारा। तलाशी में 3 किलो गांजा और 46 किलो डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने स्टाल संचालक के बेटे हर्ष राज (निवासी बिछिया हनुमान मंदिर, शाहपुर) को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भिजवा दिया गया। डंडा लिए दिखे संदिग्ध व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद कुमार राय ने कुलियों से वार्ता की और आश्वस्त किया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।