स्टेशन के गेट नंबर पांच के पास लग रहे रेल कोच रेस्टोरेंट के निर्माण की एक बाधा दूर हो गई है। रेल प्रशासन स्टेशन के नए भवन निर्माण तक कोच रेस्टोरेंट का प्रवेश गेट मेन रोड की तरफ खोलने पर सहमत हो गया है।
रेलवे ने गोमतीनगर, वाराणसी, बरेली और गोरखपुर में रेल कोच रेस्टोरेंट खोलने का निर्णय लिया था। इसमें से केवल गोरखपुर में ही यह रेस्टोरेंट भी चालू नहीं हो पाया है। दरअसल गोरखपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण होना है।
कोच रेस्टोरेंट बनाने वाली कंपनी के प्रोपराइटर रियाज खान का कहना है कि जिस जगह पर कोच रखा है, वहां एक पार्क भी विकसित करना है। जबकि, स्टेशन निर्माण के दौरान पार्क को बचाए रखना मुश्किल होगा।
इसके अलावा जिस जगह इस रेस्टोरेंट को खोलना है, वहां आसपास काफी गंदगी है। निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने से भी रेस्टोरेंट का कार्य प्रभावित होगा। इन सब दिक्कतों के चलते ही कोच रेस्टोरेंट का कार्य ठप हो गया था।
इस मामले को लेकर पहले सीनियर डीसीएम के स्तर पर प्रयास किया गया। इसके बाद टेंडर पाने वाली कंपनी और डीआरएम के बीच हुई वार्ता में यह तय हुआ कि जब तक स्टेशन भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, कोच रेस्टोरेंट का प्रवेश द्वार मेन रोड की तरफ खोला जाए और आसपास की गंदगी साफ कराई जाए, जिससे कि रेस्टोरेंट के शुरू होने पर आने वाले ग्राहकों को दिक्कत न हो।
रेल कोच रेस्टोरेंट संचालक रियाज खान ने कहा कि हमारी कुछ आपत्तियां दूर हो गई हैं। डीआरएम ने जल्द ही आपत्तियों को दूर कराने का आश्वासन दिया है। अब फिर से काम शुरू कराया जाएगा। मार्च तक इसे पूरा कर रेस्टोरेंट शुरू कर दिया जाएगा। क्योंकि देर होने से आर्थिक नुकसान हो रहा है।