गोरखपुर। समाज की मुख्यधारा से वंचित बच्चों को खेलों से जोड़ने की पहल के तहत रविवार को सैय्यद मोदी रेलवे स्टेडियम में ‘गली बड़ी’ सीजन-3 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गोरखपुर-बस्ती मंडल के विभिन्न जिलों से करीब 200 बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में 13 खिलाड़ियों और तीन टीमों ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
16 वर्षीय बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में संगम चौधरी, सुनैना और महिमा, जबकि बालक वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में अजय, राहुल और इंद्रेश क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। 18 वर्षीय बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में मार्था, रूथ और रोशनी, जबकि बालक वर्ग की दौड़ स्पर्धा में आनंद, सोनू और हरिकेश क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त कर विजेता बने।
वहीं, 18 वर्षीय बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में बेलवनवा की टीम ए विजेता, जबकि कोमरवा टीम बी उप विजेता रही। बालिका कबड्डी में करहिया जोगियाबारी की टीम विजेता, जबकि बरजी की टीम उप विजेता रही। बालिकाओं की खो-खो प्रतियोगिता में कप्तान मार्था करहिया की टीम विजेता, जबकि कप्तान आराधना फुलवरिया की टीम उप विजेता रही।
उद्घाटन अवसर पर कार्यक्रम में विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयासरत है। ‘गली बड़ी’ जैसी प्रतियोगिताएं वंचित वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने कहा कि सभी बच्चों को खेलने का समान अवसर देना सराहनीय पहल है।
आयोजक संस्था सेफ सोसाइटी के निदेशक विश्व वैभव शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024 से शुरू हुई इस खेल स्पर्धा को समाज के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम का संचालन मनोरमा दूबे ने किया।
इस अवसर पर यूथ अड्डा के महाप्रबंधक अजय श्रीवास्तव, पुष्प दंत जैन, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल, उप निदेशक पंचायती राज हिमांशु शेखर और डायट प्राचार्य अभिषेक पांडेय समेत कई लोग मौजूद रहे।