महावीर छपरा। बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा चौराहे पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार डीसीएम ने हाईवे किनारे खड़े टेंपो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम टेंपो को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में टेंपो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल गोरखपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बेलीपार थाना क्षेत्र के जुड़ापुर निवासी संतोष मौर्या उर्फ टिल्लू टेंपो से गोरखपुर से सवारियां लेकर कौड़ीराम की ओर जा रहे थे। महावीर छपरा चौराहे पर उन्होंने हाईवे किनारे टेंपो रोककर सवारियां उतारनी शुरू की थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए डीसीएम ने टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे के बाद टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल भेजा। हादसे में टेंपो चालक संतोष मौर्या सहित पांच लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर कौड़ीराम की ओर भाग निकला। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना की जांच कर रही है।