इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आइआरसीटीसी) श्रद्धालुओं को सात ज्योतिर्लिंग का दर्शन कराने के लिए स्पेशल ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर से 29 मार्च को रवाना होगी और 10 अप्रैल को वापस लौटेगी। 13 दिन के इस टूर पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति 12285 रुपये निर्धारित किया गया है।
आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव के बताया कि श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, भीमाशंकर, त्रयंबकेश्वर, घृष्णेश्वर, सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन कराया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालु द्वारिका में द्वारिकाधीश मंदिर का दर्शन, अहमदाबाद में साबरमती आश्रम का भ्रमण, शिरडी साईं धाम और बड़ौदा में स्टैचू ऑफ यूनिटी की भी सैर कर सकेंगे।
ठहरने के लिए धर्मशालाओं में कमरों की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए शाकाहारी नाश्ता, दोपहर और रात्रि के भोजन की व्यवस्था रहेगी। स्थानीय यात्राएं बसों से पूरी कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए श्रद्धालु गोरखपुर में 8287930937, 38, वाराणसी में 8287930939 एवं लखनऊ में 8287930908, 09, 10 पर संपर्क कर सकते हैं।
यहां मिलेगी बैठने की सुविधा
गोरखपुर, देवरिया सदर, मऊ, वाराणसी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, इटावा, भिंड, ग्वालियर और झांसी।
टिकट बुकिंग का तरीका
श्रद्धालु आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।
दस दिन पहले ही फुल हो गई थी ट्रेन
आईआरसीटीसी ने पिछले महीने भी गोरखपुर से ज्योतिर्लिंग दर्शन ट्रेन चलाई थी। इसमें यात्रा शुरू होने के 10 दिन पहले ही सारी सीटें फुल हो गई थी। इससे उत्साहित आईआरसीटीसी ने 29 मार्च को फिर ट्रेन चलाने की योजना बनाई है।