गोरखपुर। नगर निगम ने बुधवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत नवीन भवन सदन हॉल में सफाई मित्र सुरक्षित शिविर का आयोजन कर सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विशेष पहल की। इस शिविर में 800 सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण किट वितरित की गईं और उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में सफाई मित्रों का रक्तचाप, रक्त शर्करा और आंखों की जांच की गई। उन्हें आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी की गई। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. रेणु सिंह और डॉ. विष्णु दुबे ने जांच की। फार्मासिस्ट और प्रयोगशाला तकनीशियन ने दवा वितरण में सहयोग किया। कर्मचारियों और उनके परिवारों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की गई। प्रमोद कुमार ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश बिरौनिया समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।