गोरखपुर। इस वर्ष जिला कारागार में बंद 22 कैदी भी यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। उनके लिए कारागार परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है।
जनपद में बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष जनपद में 197 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल एक लाख 31 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।अब तक लगभग 60 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। शेष उत्तर पुस्तिकाओं को भी समय से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के स्ट्राॅन्ग रूम से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हो रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमर कांत सिंह ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।